पिथौरागढ़ में चुनाव तैयारियों की जानकारी लेते केंद्रीय अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेने के लिए निर्वाचन आयोग की ऑडिट टीम यहां पहुंच गई है। टीम में निर्वाचन आयोग के अपर सचिव अनूप कुमार और अनुभाग अधिकारी कनिष्क कुमार शामिल हैं। दोनों अधिकारी चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और मतदान केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं बिजली, पानी, रैंप आदि की व्यवस्था देखेंगे।
शनिवार को यहां पहुंचने पर दोनों अधिकारियों ने मतदेय स्थलों पर किए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण के काम की प्रगति के बारे में जानकारी ली। कहा कि हर मतदान केंद्र से संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में मतदान केंद्र पर चस्पा किया जाए, ताकि सूची में नाम दर्ज कराने वाला मतदाता उनसे संपर्क कर सकें।
उन्होंने कहा कि यदि कहीं पर कोई समस्या आती है तो संबंधित एसडीएम या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को इसकी जानकारी दी जाए। चुनाव तक सारी व्यवस्थाएं चाकचौबंद करने को कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदान केंद्र में न्यूनतम जरूरतों को समय पर पूरा किया जाए। जहां पर कमियां हैं, उनकी सूची भी तैयार कर लें। उपजिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद नासिर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनीता बिष्ट ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्व सौंप दिए गए हैं।