थल तहसील में आयोजित जनता दरबार में मौजूद लोग।
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। थल में सरकार आपके कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जनता दरबार लगाया गया जिसमें गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा और एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जिला पंचायत सदस्य की मांग पर विधायक ने गरीबों के मकान बनाने के लिए सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपये दिलाने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू सामंत और महासचिव मदन मोहन उपाध्याय ने थल में डंपिंग जोन सहित रिसाइकिलिंग प्लांट, बड़े कूड़ेदान लगाने, सप्ताह में स्वच्छता अभियान चलाने, तहसील भवन के लिए धन स्वीकृति करने मांग की। उक्रांद नेता सलीम अहमद ने तहसील में रिक्त नायब तहसीलदार, प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की मांग की। इस दौरान गर्जिला के छह आपदा प्रभावित परिवारों ने विस्थापन की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य नंदन बाफिला ने विकासखंड के सभी छह गरीब परिवारों के लिए भवन बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत करने की मांग की। विधायक ने सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपये मकान बनाने के लिए दिलाने की घोषणा की। जनता दरबार में 40 फरियादी पहुंचे।
इस मौके पर तहसीलदार दिनेश कुमार कुटौला, खंड विकास अधिकारी बेड़ीनाग विनोद प्रसाद, राजस्व निरीक्षक शंकर लाल, रेंजर चंदा महरा, डॉ. सिद्धार्थ पाटनी, यूपीसीएल के अवर अभियंता मुकेश कुमार, नवनीत निखुर्पा, उत्तराखंड राष्ट्रीय मानवाधिकार नियंत्रण ब्यूरो के महासचिव पंकज कुमार, जल संस्थान के सहायक अभियंता महेश रौतेला आदि मौजूद थे।