सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन करते चामाचौड़ के लोग
- फोटो : अमर उजाला
चामाचौड़ क्षेत्र के लोगों ने सड़क निर्माण न होने के कारण इस बार भी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है। 2014 के लोकसभा चुनाव के समय इस क्षेत्र की मतपेटियां खाली आई थी। बुधवार को क्षेत्र के लोगों ने यहां प्रदर्शन किया और प्रशासन को कहा कि उनके इलाके के पोलिंग बूथों पर मतदान की तैयारी न करें। इलाके में चार मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले 5000 मतदाता वोट डालने नहीं जाएंगे। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चामाचौड़ क्षेत्र में प्राथमिक स्कूल, राजकीय हाईस्कूल चामाचौड़, मनगढ़ और पातालभुवनेश्वर में मतदान केंद्र बनाए जाते हैं।
क्षेत्रीय संघर्ष समिति चामाचौड़ के अध्यक्ष दिवाकर रावल के नेतृत्व में यहां पहुंचे लोगों ने बताया कि पातालभुवनेश्वर से चामाचौड़ तक और राईआगर से भूल की अध्याली तक सड़कों की स्वीकृति को दस साल हो गए हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। 28 जून से नौ जुलाई तक सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने क्रमिक अनशन भी किया। तब यह आश्वासन मिला था कि डेढ़ महीने के भीतर दोनों सड़कों के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा, लेकिन अब तक विभाग ने कोई पहल नहीं की है।
उन्होंने कहा कि अब जनता कोरे आश्वासनों में यकीन करने वाली नहीं है। जल्द ही चुनाव आचार संहिता लग जाएगी और सड़कों के निर्माण का मामला लटक जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग चुनाव बहिष्कार कर एक बार फिर से विरोध जताएंगे। प्रदर्शन में नरेंद्र दशौनी, उमेद सिंह, राजेंद्र प्रसाद, नरेश रावल आदि शामिल थे।