गंगोलीहाट के सुंगाल गांव में सुअरों ने बर्बाद की फसल।
- फोटो : पिथौरागढ़
जंगली जानवरों के आतंक से गंगोलीहाट विकासखंड का रामगंगा घाटी से लगा क्षेत्र सुंगाल खासा त्रस्त है। यहां जंगली सुअरों ने गेहूं की फसल चौपट कर दी है। गांव में सुअरों ने खेत इस तरह खोद डाले हैं कि जैसे मकान निर्माण के लिए खुदाई की गई हो।
साल के पेड़ों से घिरे रामंगगा घाटी के इस सुंदर गांव को बेहतर खेती और फल, सब्जी उत्पादन के लिए जाना जाता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्ण नाथ ने बताया कि रात में जंगली सुअरों के झुंड खेतों पर टूट पड़ रहे हैं। सुअरों ने गेहूं के खेत बुरी तरह खोद डाले हैं।
लोग कृषि और पशुपालन से ही आजीविका चलाते हैं। इस बार किसानों के सामने अन्न संकट खड़ा होना तय हो गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य का कहना है कि इन हालात में लोग किसानी से मुंह मोड़ने के सिवा कुछ नहीं कर सकते। सरकार गांव को पलायन की मार से बचाना चाहती है तो सुअरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए दीवार बंदी और तार बाड़ लगाने की तो व्यवस्था करे।