पिथौरागढ़। पुलिस ने सरकारी राशन को बेचते हुए एक थोक विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया। थोक व्यापारी एक सस्ता गल्ले की दुकान से राशन खरीदकर बेच रहा था। सोमवार को एलआईयू ने पुलिस को लाशघर रोड में स्थित एक एजेंसी में सरकारी सस्ते गल्ले का राशन ऊंचे दामों में बेचने की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रह्लाद अग्रवाल की दुकान में छापा मारकर गोदाम से चार कट्टे चावल अवैध और एक दर्जन सरकारी अनाज के खाली बोरे बरामद किए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि यह अनाज उसने 1200 रुपये प्रति कुंतल की दर से समीप स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से खरीदा है। पुलिस ने व्यापारी को गिरफ्तार कर थाना कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम, 188 भादवि और 51(इ) आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।