बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान पिथौरागढ़ के मीना बाजार में लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
बारहमासी सड़क (ऑल वेदर रोड) में दिन में कई बार लग रहा जाम यात्रियों के सामने परेशानी खड़ी कर रहा है। जाम के कारण बसें निर्धारित समय से देरी से पहुंच रही है।
बुधवार को बारहमासी सड़क पर पहाड़ कटिंग से निकले मलबे के कारण मीना बाजार के पास कई बार जाम लगा। मलबा हटाने तक वाहनों के पहिए जाम रहे। मीना बाजार से घाट तक कई स्थानों पर रोज कई बार 20 मिनट से आधा घंटे तक जाम लग रहा है। उधर, घाट से लोहाघाट तक 50 किमी के हिस्से में भी कई बार यातायात बाधित हो रहा है। घाट के पास सिंगदा में सड़क की हालत काफी खराब है।
पहाड़ी पर बोल्डर लटके हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। जाम के कारण लंबी दूरी की बसें एक से दो घंटे देरी से गंतव्य में पहुंच रही हैं। सड़क से मलबा हटाने के लिए डोजर, जेसीबी लगी हुई हैं। बारिश के कारण घाट से लेकर गुरना तक सड़क कीचड़ से सन गई है, जो परेशानी को और बढ़ा रही है।
कूड़े और मिट्टी ढो रहे टिप्परों से लगा जाम
पिथौरागढ़। शहर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था का नमूना बुधवार को शहर में देखने को मिला। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे सिल्थाम से टनकपुर तिराहे को जाने वाली सड़क पर जाम लग गया। जाम पालिका का कूड़ा ढो रहे टिप्पर के साथ ही मिट्टी ढो रहे टिप्परों के कारण लगा। देखते ही देखते सिल्थाम से टनकपुर तिराहे तक की सड़क जाम से जकड़ गई। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। सूचना पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन जाम खुलवाने में नाकाम रहे। काफी मशक्कत के बाद करीब एक बजे जाम खुल पाया। जाम के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।