समय पर इलाज न मिलने से विकासखंड कनालीछीना के ढंटखोला ग्राम पंचायत के अंतर्गत मटम्योड़ा गांव की एक महिला की मौत हो गई। गांव में रोड न होने के कारण बीमार महिला को पांच किलोमीटर दूर मातोली तक डोली पर बैठाकर रोड पर लाया गया। वहां से उसे कनालीछीना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही महिला की मौत हो गई।
गांव के समाजसेवी दीवानी राम टम्टा ने यातायात और स्वास्थ्य की इन अव्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और पत्र में एक गरीब महिला के साथ हुए हादसे की जानकारी देते हुए कहा है कि 11 फरवरी की शाम मटम्योड़ा निवासी गंगा देवी (58) पत्नी रामीराम को उल्टी हुई। शाम को गांव के लोग बीमार महिला को डोली पर बैठाकर अस्पताल ले जा पाने की स्थिति में नहीं थे। अगले दिन यानि कि 12 फरवरी को पहले गांव वाले महिला को पांच किलोमीटर दूर मातोली तक डोली पर बैठाकर लाए। वहां से एक प्राइवेट जीप से कनालीछीना अस्पताल पहुंचाया। कनालीछीना में डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उन्होंने कहा कि गांव के लोग आज भी यातायात और चिकित्सा की सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि ढटखोला तक स्वीकृत सड़क छह साल बाद भी नहीं बन पाई है। यदि नजदीकी अस्पतालों में मरीजों को ले जाया जाए तो वहां भी इलाज नहीं मिल पाता।