पिथौरागढ़। नगर सहित पूरे जिले में यातायात व्यवस्था की मजबूती के साथ ही नशे के सामान की तस्करी पर लगाम लगाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। यह कहा नवनियुक्त एसपी अक्षय पह्लाद कोंडे ने।
बुधवार को नवनियुक्त एसपी कोंडे ने अपने कार्यालय में पत्रकारों के साथ वार्ता में अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में सेवा के साथ उन्होंने देहरादून में एसपी ट्रैफिक का दायित्व संभाला। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले पिथौरागढ़ में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
इसके लिए अपने अनुभवों से गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले में नशे के सामान के साथ ही वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में इन तस्करी को रोकना प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए भी गंभीरता से काम किया जाएगा। संवाद