देवलथल के निकट गोथना से खतेड़ा गांव के लिए आठ लाख रुपये की लागत से बनी पेयजल योजना दो माह से ठप पड़ी है। स्वजल योजना के तहत योजना का निर्माण हुआ था। लोगों ने योजना के निर्माण के समय ही इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए थे। अब जब योजना पूरी तरह ठप हो गई है तो लोगों ने आंदोलन की तैयारी कर दी है। नौ दिसंबर को गांव के लोगों ने पिथौरागढ़-थल मार्ग में बुंगाछीना के पास चक्काजाम का ऐलान कर दिया है।
जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने खतेड़ा गांव का दौरा करने के बाद बताया कि पेयजल योजना अब पूरी तरह ठप हो गई है। गांव के 50 परिवारों को पानी नहीं मिल पा रहा है। योजना का निर्माण गलत तरीके से किया गया था। उसके मूल में टंकी इस तरह बनाई गई कि वह बनते ही ठप हो गई। गांव के लोगों ने किसी तरह खुद पानी चलाने का प्रयास किया लेकिन अब तो योजना मरम्मत के लायक भी नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि योजना निर्माण में बरती गई खामियों की जांच की जानी चाहिए और यदि तत्काल योजना की मरम्मत नहीं हुई तो लोग व्यापक आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।