ग्राम पंचायत सिमाली के नागधेरा तोक के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। इस तोक में कोई पेयजल योजना नहीं है। प्राचीन नौले से पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन नौले का पानी बेहद कम हो गया है। नागधेरा के लोग सुबह से शाम तक पानी के ही इंतजाम में खड़े रहते हैं।
नागधेरा तोक का यह नौला 10 साल पहले तक लबालब भरा रहता था, लेकिन धीरे-धीरे नौले का पानी कम होता गया। अब नौबत यह है कि आधे घंटे में 20 लीटर पानी भी नौले में जमा नहीं हो पाता है। नौले का पानी जमीन के नीचे खिसक गया है। ग्रामीण रूप सिंह मेहता, त्रिलोक सिंह, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, दीवान सिंह मेहता बताते हैं कि नौले से नीचे ढलान में एक स्थान पर पानी रिसता है, संभावना है कि वह पानी इसी नौले का है।
बताते हैं कि नौले के संरक्षण के लिए कई बार खंड विकास कार्यालय को प्रार्थनापत्र दिया जा चुका है, लेकिन नौले के संरक्षण के लिए उपाय नहीं किए जा रहे हैं। नागधेरा में रहने वाले 10 परिवारों के लिए पेयजल की अन्य कोई व्यवस्था नहीं है। तोक के लोग बेहद परेशान हैं। बताते हैं कि सिमाली में भी एक नौला है, उसका पानी भी दिन प्रतिदिन कम होता जा रहा है। दोनों नौलों में पानी पुन: वापस लाने के प्रयास करने होंगे।