डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पेयजल संकट से जूझ रहे डीडीहाट के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नगर के लोगों को दो दिन बाद थल-रामगंगा योजना का पानी मिलने लग जाएगा।
अमर उजाला ने नौ अप्रैल को पेयजल मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में 800 रुपये में मिल रहा दो हजार लीटर पानी शीर्षक की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसका संज्ञान लेकर पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने जल निगम को योजना का काम शीघ्र पूरा कर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अनुपालन में जल निगम ने डीडीहाट नगर के लोगों को पेयजल आपूर्ति की तैयारियां तेज कर दी हैं। डीडीहाट नगर में हर वर्ष गर्मियों में भीषण पेयजल संकट हो जाता है। लोग पानी खरीदने के लिए मजबूर रहते हैं।
इसको देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2011 में थल-डीडीहाट रामगंगा पेयजल योजना की स्वीकृति प्रदान की। योजना में 23 करोड़ की राशि स्वीकृति हुई।
यह योजना करीब 11 साल बाद बनकर इसी साल तैयार हुई। योजना का काम देख रहे पेयजल निगम के ईई रंजीत धर्मशक्तू ने बताया कि इस योजना से डीडीहाट को 1.50 एमएलडी पानी मिलेगा।
इस योजना का डिजाइन छह एमएलडी का है। सभी नये टैंकों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। छनपट्टा के पास बना इस योजना का मुख्य टैंक 10 लाख लीटर क्षमता का है।
इसे भर लिया गया है। नगर के अन्य स्थानों में 220 से 570 केएल के टैंकों को भी भरने का काम चल रहा है। दो दिन बाद नगर में पेयजल उपभोक्ताओं को इस योजना का पानी मिलने लगेगा।
पेयजल मंत्री कर सकते हैं योजना का लोकार्पण
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पेयजल मंत्री और स्थानीय विधायक विशन सिंह चुफाल मंगलवार को डीडीहाट पहुंच रहे हैं। कयास लग रहे हैं कि वह इस योजना के पानी को डीडीहाट के लोगों को समर्पित करेंगे।