नगर से सटे पौण गांव के भरखेत मोहल्ले में लंबे समय से पेयजल संकट से परेशान लोगों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
इन लोगों का कहना है कि गांव के लिए बनाई गई पेयजल योजना ठप पड़ी हुई है। लोगों को प्राकृतिक स्रोतों और हैंडपंपों से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। विभाग के अधिकारियों के सामने कई बार यह मामला रखा गया लेकिन पानी की सप्लाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
गांव के दीपक आर्या के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने कहा कि जब जाड़ों के मौसम में ही पानी की किल्लत दूर नहीं हो पा रही है तो गर्मियों में क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि समस्या के लिए विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार हैं। उन पर किसी का नियंत्रण नहीं रह गया है। इसी कारण समस्या गंभीर रूप ले रही है। लोगों ने कहा कि जल संस्थान को तीन दिन का समय दिया जा रहा है। यदि इस अवधि में पेयजल की सप्लाई सामान्य नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। एसडीएम अनुराग आर्य ने जल संस्थान के अधिकारियों से कहा है कि तत्काल समस्या दूर करें और लाइन में आई खराबी को ठीक करें। प्रदर्शन में नीरज कुमार, लछी राम, ममता देवी, सुमन देवी, विमला देवी समेत तमाम लोग थे।