पिथौरागढ़। सीमांत के लोगों को यदि प्रदेश की राजधानी देहरादून तक विमान से सफर करना हो तो उन्हें बुकिंग के लिए तीन किमी दूर नैनीसैनी एयरपोर्ट की दौड़ लगानी होगी। साइट बंद होने से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है और लोग इसके लिए भटक रहे हैं। हर रोज विमान उड़ रहा है और बुकिंग कहां हो रही है लोग इससे अंजान हैं।
सीमांत से देहरादून के लिए आसान सफर के दावे कर विमान सेवा संचालित की गई है। बीते 14 दिनों से विमान संचालित कंपनी की साइट बंद होने से बुकिंग नहीं हो रही है। लोग बुकिंग के लिए साइबर सेंटर की दौड़ लगाने के साथ ही विमान सेवा संचालित करने वाली कंपनी फ्लाई बिग की साइट खंगाल रहे हैं लेकिन उन्हें निराश होना पड़ रहा है।
जब संवाद न्यूज एजेंसी ने मामले की पड़ताल के लिए नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंची तो साइट बंद होने से सिर्फ कंपनी के काउंटर पर ऑफलाइन बुकिंग होने की जानकारी मिली। ऐसे में अब यात्रियों को देहरादून तक विमान से सफर करने के लिए बुकिंग कराने को तीन किमी दूर नैनीसैनी एयरपोर्ट की दौड़ लगानी होगी। ऐसा न कर पाने वालों को रोडवेज या टैक्सी के सहारे सफर करना होगा।
-
बुकिंग के लिए प्रधान कार्यालय करना होगा संपर्क
नैनीसैनी एयरपोर्ट में तैनात फ्लाई बिग के कर्मियों ने बताया कि साइट बंद होने से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है। ऐसे में लोगों को नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचकर बुकिंग करानी होगी। यहां भी सीधे तौर पर ऑफलाइन बुकिंग नहीं होगी। पहले कंपनी के कर्मी नोएडा प्रधान कार्यालय में संपर्क करेंगे तब जाकर वहां बैठे कर्मी यात्री का टिकट बुक करेंगे।
-
देरी से टिकट बुक होने पर देना पड़ेगा अतिरिक्त धन
पिछले 14 दिनों से सीमांत के लोग विमान सेवा की साइट खुलने का इंतजार कर रहे हैं। हर रोज कंपनी की साइट पर बुकिंग के प्रयास के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिल रही। अब यात्रियों को टिकट बुक करने के लिए नैनीसैनी एयरपोर्ट जाना होगा। देरी से टिकट बुक कराने पर उन्हें इसके लिए अतिरिक्त धन भी देना होगा। ऐसा इसलिए कि यदि साइट का साथ मिलता और समय रहते टिकट बुक होता तो यात्रियों को किराए में छूट मिलती।
कोट -
बुकिंग में आ रही दिक्कत को लेकर विमान सेवा संचालित करने वाली कंपनी से वार्ता की जाएगी। इस समस्या के जल्द समाधान का प्रयास होगा। - डॉ. दीपक सैनी, सीडीओ/एयरपोर्ट मैनेजर, नैनीसैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़।