मुनस्यारी में गरीब और मेहनती छात्र चंद्र कुमार को सम्मानित करते डा. हेमंत मर्तोलिया
- फोटो : अमर उजाला
नया बस्ती के गरीब, लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थी चंद्र कुमार ने इस बार इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में (77.4 प्रतिशत अंक) पास की। चंद्रकुमार के पिता सोबन राम का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। चंद्र कुमार विद्यालय से छुट्टी होने के बाद परिवार के गुजर-बसर के लिए मजदूरी करता है। परिवार में माता मंजू देवी और दो भाई हैं। परिवार की जिम्मेदारी और पढ़ाई दोनों के बीच चंद्र कुमार ने ऐसा सामंजस्य बैठाया कि उसने किसी भी काम में व्यवधान नहीं आने दिया। वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है।
नया बस्ती गांव निवासी चंद्र कुमार की मेहनत को सभी लोग रोज देखते हैं। परीक्षा में उसकी उपलब्धि को देखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. हेमंत मर्तोलिया ने रविवार को उसे सम्मानित किया। डा. मर्तोलिया ने कहा कि परिवार के विषम हालातों के बीच जिस तरह चंद्र कुमार ने पढ़ाई जारी रखी, वह तारीफ के योग्य है।
राजकीय इंटर कॉलेज से इस बार इंटर की परीक्षा पास करने वाले चंद्र कुमार की मेहनत पर शिल्पी विकास समिति ने भी खुशी जताई। इस दौरान शिल्पी विकास समिति के दीवान वर्मा, प्रेम राम, कृष्ण कुमार, डा. केएस आंकोटी आदि उपस्थित थे।