वीर चक्र विजेता देवजंग शाही पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोग उनकी अंतिम यात्रा शामिल हुए। रामेश्वर घाट पर सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई।
सोमवार सुबह भाटकोट स्थित आवास से वीर चक्र विजेता की शव यात्रा निकाली गई। सेना, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक और परिजन, क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। शव यात्रा में उनके पैतृक गांव चिराली से भी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। रामेश्वर घाट पर 28 पंजाब रेजीमेंट के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान तीन राउंड फायरिंग के साथ सशस्त्र सलामी दी गई। पंजाब रेजीमेंट के कैप्टन अभिनव विश्रोई, जिला पूर्व सैनिक कल्याण अधिकारी जीएस चंद के साथ ही कई अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए। उनकी चिता को उनके बेटे मदन और भूपेंद्र शाही ने मुखाग्नि दी।