पिथौरागढ़। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अब अपने गांवों के आसपास ही विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी। केंद्र सरकार के सहयोग से सहकारिता विभाग ने सहकारी समितियों के माध्यम से 40 जन सुविधा केंद्र खोल दिए हैं। इन केंद्रों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।
सहायक निबंधक सहकारिता चंद्र सिंह पांगती ने बताया कि जिले में 74 सहकारी समितियां हैं। खोले गए जन सुविधा केंद्रों में कर्मचारियों की व्यवस्था कर दी गई है। अब ग्रामीणों को आय, पेंशन, विभिन्न प्रमाण पत्र, बिल जमा करना, फार्म भरना आदि कार्यों के लिए जिला, तहसील मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। ग्रामीणों को अपने नजदीकी केंद्र पर ही सभी सुविधाएं मुहैया होंगी। संवाद
पांच जन औषधि केंद्र खुलेंगे
पिथौरागढ़। सहकारिता के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को दवाएं भी मिलेंगी। एआर सहकारिता चंद्र सिंह पांगती ने बताया कि जिले में पांच जन औषधि केंद्र बिण, सातशिलिंग, डीडीहाट, लोहाथल और देवलथल में खोलने के लिए रजिस्ट्रेशन कर दिया गया है। इनमें से दो केंद्रों के लिए फार्मासिस्ट भी उपलब्ध हो गए हैं। संवाद