पिथौरागढ़। 120 किलोमीटर दूर से जिला मुख्यालय आकर आमरण अनशन पर डटे कनार के ग्रामीणों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीण अनशन पर डटे हैं। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकाला।
बरम-कनार सड़क संघर्ष समिति के बैनर तले एक सूत्री मांग पर शुक्रवार को आमरण अनशन के नौ दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन ग्रामीणों को मामले में ठोस कार्रवाई से आश्वस्त करने की बजाय आमरण अनशनकारियों को हर दिन उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद भी ग्रामीणों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अब चाहे प्राण चले जाएं संघर्ष जारी रखेंगे।
उनके समर्थन में पिथौरागढ़ तहसील में टकाड़ी की ग्राम प्रधान ज्योति कुंवर, जमराड़ी की ग्राम प्रधान चंद्रा महर सहित कनार की महिलाएं अनशन स्थल पर धरने पर बैठीं। इससे पूर्व ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क निर्माण का लिखित आदेश और काम शुरू होने की निश्चित तिथि नहीं मिलती, तब तक आमरण अनशन और धरना जारी रहेगा। इस मौके पर प्रकाश सिंह, भरत सिंह, जगत सिंह, पार्वती देवी, जैंयती देवी, जीवन सिंह, बिशना देवी, सुंदर सिंह बोरा सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।