धारचूला (पिथौरागढ़)। नगरपालिका के ग्वालगांव वार्ड के अंतर्गत आपदाग्रस्त एलधारा तड़कोट और मल्ली बाजार क्षेत्र में निर्माण कार्य नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को टनकपुर-तवाघाट एनएच पर एक घंटे तक चक्काजाम किया जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए। साथ ही लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आपदा संघर्ष समिति ने अध्यक्ष नेत्र सिंह कुंवर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार सुबह नौ से 10 बजे तक टनकपुर-तवाघाट एनएच के आपदाग्रस्त एलधारा में चक्काजाम किया। उन्होंने कहा कि आपदा को काफी समय बीतने के बावजूद निर्माण और सुरक्षात्मक कार्य शुरू नहीं किए गए हैं जिससे वह भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
इस दौरान आपदा प्रभावितों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन भी किया। वहीं चक्काजाम की सूचना पर एसडीएम दिवेश शाशनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों को आपदाग्रस्त क्षेत्रों में होने वाले सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने के लिए 11 जनवरी को निविदा लगाई जानी है जिसके बाद आंदोलनकारियों ने जाम खोल दिया।
इस दौरान नंदा बिष्ट, लक्ष्मी गुंज्याल, सभासद जानकी देवी, रीना बिष्ट, दीपिका कोरंगा, मोहंती गर्ब्याल, बिंदु रोंकली, निहारिका गर्ब्याल ,देवकी गर्ब्याल, व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, चमन गर्ब्याल, ओपी वर्मा, श्याम चंद्र खर्कवाल, कमल कौशल, लाल सिंह प्रकाश गुंज्याल, खड़क दानू, पूरन नेगी आदि मौजूद थे।
आंदोलन के एलान से सतर्क रही पुलिस
धारचूला (पिथौरागढ़)। आपदा संघर्ष समिति के बृहस्पतिवार को एनएच पर चक्काजाम करने के एलान के बाद कोतवाल कुंवर सिंह रावत के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस कर्मी हर गतिविधि पर नजर रखे थे। चक्काजाम खुलने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली। संवाद
नेपाल की ओर से हो रही पत्थरबाजी को लेकर भी जताई नाराजगी
धारचूला (पिथौरागढ़)। चक्काजाम कर रहे आंदोलनकारियों ने भारतीय तटबंध निर्माण क्षेत्र में नेपाल की ओर से की जा रही पत्थरबाजी को लेकर भी नाराजगी जताई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर ने आरोप लगाया कि नेपाल सरकार की शह पर पत्थरबाजी हो रही है। उन्होंने पत्थरबाजी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। संवाद
धारचूला ब्लॉक प्रमुख ने की डीएम से मुलाकात
पिथौरागढ़। आपदाग्रस्त क्षेत्र एलधारा में सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग को लेकर एक ओर ग्रामीणों ने तवाघाट-टनकपुर एनएच को एक घंटे तक बंद किया। इधर धारचूला ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी ने डीएम से मुलाकात की। डीएम ने ब्लॉक प्रमुख को कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। इस दौरान दीपक चुफाल, भवान मेहरा, जोगा धामी, किशोर केल्विन धामी मौजूद थे।