पिथौरागढ़। आंफर से टुपाघर न्याल तक एक किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पिथौरागढ़-थल मोटर मार्ग पर सुवालेख में चक्काजाम कर दिया। इससे तीन घंटे तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता की ओर से लिखित आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
ग्राम पुखरौड़ा टुपाधार में आंफर से टुपाघर न्याल के लिए शासन से एक किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है। सड़क निर्माण के लिए एक साल पहले राशि भी स्वीकृत हो चुकी है लेकिन अब तक निर्माण कार्य नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने लोनिवि को चक्काजाम करने की चेतावनी दी थी।
पूर्व चेतावनी के अनुसार मंगलवार को जिला पंचायत के पूर्व सदस्य जगदीश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने पिथौरागढ़-थल मोटर मार्ग पर सुबह 7:30 बजे चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर तहसीलदार पंकज चंदोला मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया लेकिन ग्रामीण लिखित आश्वासन देने की मांग पर अड़े रहे।
इस पर लोनिवि के सहायक अभियंता सुनील कुमार ने लिखित आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रिण बिछुल मोटर मार्ग से पुखरौड़ा ग्राम सभा के तोक टुपाघर तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण में सर्वे के लिए 1.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। सर्वे कार्य कर दस दिन के भीतर सड़क निर्माण के लिए 25.33 लाख का आगणन कर शासन को भेजा जाएगा। इस पर ग्रामीणों ने सुबह 10:30 बजे जाम खोला।
इस दौरान रघुवीर चंद, मनोज चंद, प्रकाश चंद, योगेश, भगवान चंद, इंदर, राजेंद्र, भरत, बहादुर चंद, सागर, विशाल, पवन, तनुजा, विमला, दीपा, भावना, आशा, पार्वती, लीला, सीता चंद, सोनू सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद थे।
थल, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, बागेश्वर जा रहे वाहन फंसे
पिथौरागढ़। सुबह साढ़े सात बजे रोड जाम करने से यातायात बाधित हो गया। इससे थल, बेड़ीनाग, मुनस्यारी, बागेश्वर की ओर जा रहे वाहन फंस गए। देवलथल के शिक्षक और छात्र-छात्राओं को भी पैदल जाना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग स्वीकृति के बाद भी सड़क का निर्माण करने के लिए टेंडर तक नहीं लगा पा रहा है। इस उपेक्षा को अब सहन नहीं किया जाएगा। कहा कि सड़क नहीं होने से उन्हें पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। संवाद