प्रदर्शन करते पंचायत प्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
मटेला से क्रिकेटर उन्मुक्त चंद के गांव खड़कूभल्या जाने वाली सड़क के निर्माण में बरती गई लापरवाही के खिलाफ शनिवार को ग्रामीणों ने इसी सड़क के प्रवेश द्वार पर धरना दिया और करीब तीन घंटे तक यातायात ठप किया। इस सड़क पर बरती गई अनियमितता की पहले ही जांच के आदेश हुए हैं, लेकिन अब तक जांच शुरू नहीं हो पाई है। आक्रोशित लोगों ने कहा कि अब इस मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी भट्ट के नेतृत्व में पहुंचे ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस सड़क का निर्माण लोनिवि ने किया था। बाद में इसमें विश्व बैंक से मिली राशि खर्च की जाने लगी। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब दशा को लेकर पहले से ही अधिकारियों को पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन किसी भी स्तर पर काम की गुणवत्ता में सुधार नहीं आया। कहा कि डामर बिछाने से पहले आसपास के ही कच्चे पत्थरों को बिछाया गया। ग्रामीण संघर्ष समिति के सचिव मायादत्त जोशी और उपाध्यक्ष ललित भट्ट ने कहा कि इस तरह की लापरवाही को किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा।
धरने पर राड़ीखूटी के प्रधान भूपाल चंद, गोगना की प्रधान हेमा देवी, उपरतोला की प्रधान नीला देवी, बौतड़ी के प्रधान श्यामू राम आदि बैठे। ग्रामीण संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकारी धन का इस तरह दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। यदि जल्दी जांच नहीं हुई तो हाइवे जाम किया जाएगा।