चंपावत। जिले के तल्लादेश स्थित सौराई गांव में सड़क न होने के कारण एक बीमार किशोर को ग्रामीणों ने सात किलोमीटर तक डोली के सहारे पहुंचाया। इसके बाद उसे वाहन से अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम सौराई गांव के 16 वर्षीय पंकज सिंह के पेट में तेज दर्द शुरू हुआ। सड़क न होने से रात में इलाज संभव नहीं था। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने पंकज को गांव से सात किलोमीटर दूर मंच तक डोली से पहुंचाया। ढाई घंटे के इस थका देने वाले सफर के बाद उसे 31 किलोमीटर दूर चंपावत के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पंकज की हालत ठीक है। पूर्व प्रधान दान सिंह ने बताया कि 22 किलोमीटर लंबी खेत-भनार-हर्तोला-सौराई सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंजूर है। उन्होंने कहा कि सड़क न होने से 800 की आबादी वाले गांव के लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतें आती हैं। गर्भवतियों को भी डोली से लाना पड़ता है।
23सीपीटी 25पी- बीमार को डोली से मंच तक लाते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण