ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़। ग्रामीण अंचलों में उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति, जिला योजना, राज्य योजना से बनने वाली एकल पेयजल योजनाओं का काम अब ठेकेदारों को सौंपे जाने के विरोध में सोमवार को ग्राम प्रधानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि यह ग्राम प्रधानों के अधिकार छीनने वाला कदम है और इससे पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा।
ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष कृष्ण सिंह वल्दिया के नेतृत्व में एकत्र ग्राम प्रधानों ने कहा कि सरकार का यह कदम प्रधानों के अधिकारों का हनन है। सरकार पेयजल योजनाओं के निर्माण का काम ठेकेदारों को क्यों सौंप रही है, यह समझ में नहीं आ रहा। इससे पहले भी प्रधानों ने इस फैसले का विरोध किया था लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया।
अब प्रधान इस मुद्दे पर सामूहिक रूप से आमरण अनशन की तैयारी में हैं। वल्दिया ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार प्रधानों के खिलाफ फैसले लेती जा रही है जबकि पंचायतों को सबसे पहले मजबूती दी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि पंचायती संस्थाओं को कमजोर करने की इस साजिश का तगड़ा विरोध किया जाएगा। बाद में डीएम सी रविशंकर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन में समाजसेवी दीपक लुंठी, प्रधान कुंदन बोहरा, विमला देवी, नरेंद्र राम, राकेश कुमार, राजेंद्र कुमार, मनोहर राम, हरीश पांडे, देवकी देवी आदि थे।