बालश्रम के खिलाफ पिथौरागढ़ में नंगे पांव जागरूकता रैली निकालते स्कूली बच्चे।
- फोटो : AMAR UJALA
विश्व बालश्रम विरोध दिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ में घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में सोसायटी के सदस्यों और छात्रों सहित लगभग 125 युवाओं ने नंगे पांव चलकर लोगों को जागरूक किया।
बुधवार को रैली केमू स्टेशन से शुरू हुई। इसके बाद सिल्थाम, गांधी चौक, सिमलगैर बाजार होते हुए रैली नगरपालिका स्थित रामलीला मैदान में पहुंची। इस अवसर पर बच्चों को भिक्षा नहीं शिक्षा दो के नारे के साथ लोगों से अपील की गई। रामलीला मैदान में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी संदेश दिया गया। लोगों ने इस प्रयास की काफी सराहना की। रैली के बाद संस्था की ओर से विकास भवन सभागार में सुनहरा बचपन कार्यक्रम के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिलाधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे और सीडीओ वंदना ने बच्चों के प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष अजय ओली ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम में ग्रीन वैली, निखिलेश्वर, डॉनबास्को, वियरशिवा, एलडब्लूएस भाटकोट, हिमालया स्कूल आदि के बच्चे मौजूद रहे।