विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते ब्रिगेडियर राकेश मनोचा
- फोटो : अमर उजाला
छावनी क्षेत्र में शुक्रवार को विजय दिवस पर भव्य कार्यक्रम हुआ। महाराजके पार्क स्थित युद्ध स्मारक में सेना की पंचशूल बिग्रेड के कमांडर ब्रिगेडियर राकेश मनोचा, सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, रिटायर्ड ब्रिगेडियर विनोद चंद आदि ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। 1971 में आज ही के दिन भारतीय सेना ने साहस, पराक्रम और शौर्य के बल पर पाकिस्तानी सेना को घुटने टेकने के लिए मजबूर किया। पाकिस्तानी सेना के 93 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करना पड़ा। इसी युद्ध के बाद पूर्वी पाकिस्तान अलग होकर बांग्लादेश नाम से देश बना। सेना हर साल विजय दिवस को धूमधाम से मनाती है।
बाद में पंचशूल ब्रिगेड की ओर से आयोजित सैनिक सम्मेलन, चिकित्सा शिविर में चंपावत और पिथौरागढ़ के पूर्व सैनिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कई वीरांगनाओं को ब्रिगेडियर मनोचा और डीएम डा. रंजीत सिन्हा ने सम्मानित किया। चिकित्सा कैंप में पूर्व सैनिकों और उनकी वीरांगनाओं का मुफ्त में इलाज हुआ। सम्मेलन स्थल पर सेना और सिविल प्रशासन ने कई स्टाल लगाए थे। इनमें अंशदायी स्वास्थ्य योजना, जिला सैनिक बोर्ड, पूर्व सैनिक हेल्पलाइन, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, रक्षा जैव अनुसंधान संस्थान, शाखा भर्ती कार्यालय, एनसीसी, 130 पर्यावरण बटालियन, पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग, समाज कल्याण, जिला उद्योग केंद्र के स्टाल शामिल थे।
शहीद स्मारक पर भी जुटे लोग
उल्का देवी मंदिर परिसर स्थित शहीद स्मारक पर विजय दिवस के मौके पर डीएम डा. रंजीत सिन्हा, एसपी अजय जोशी, रिटायर्ड कर्नल एसपी गुलेरिया समेत बड़ी संख्या में प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। डीएम ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी इस दिन के महत्व की जानकारी होनी चाहिए। हमें अपने वीर सैनिकों का सम्मान करना चाहिए और शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।