लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल के सनकोट से पूजा-अर्चना कर फरीदाबाद लौट रहे एक परिवार का वाहन शुक्रवार शाम लेटी क्षेत्र में सुंगरखाल के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस से उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य नेपाल से पूजा कर फरीदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान सुंगरखाल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत बचाव कार्य किया।
हादसे में दशरथ सिंह (33) पुत्र केसर सिंह, गौरव सिंह (28) पुत्र जगदीश सिंह, जगदीश सिंह (51) पुत्र दान सिंह, सौरभ (26) पुत्र जगदीश सिंह और गुन्नू (16) पुत्र जगदीश सिंह घायल हो गए। सभी फरीदाबाद के सेक्टर तीन स्थित तिरखा कॉलोनी के निवासी हैं। उप जिला अस्पताल में डॉ. वसीम, डॉ. राकेश और डॉ. रविंद्र बोहरा घायलों का उपचार कर रहे हैं।