टनकपुर (चंपावत)। तीन माह का लंबित वेतन निर्गत, समान कार्य का समान वेतन समेत अन्य मांगों का निदान न होने से उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ भड़क उठा है। आक्रोशित कर्मियों ने सुबह 11 से शाम चार बजे तक अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। इस बीच सीएम कैंप कार्यालय तक जुलूस के साथ पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
शनिवार को मजदूर संघ के कुमाऊं भर से आए कर्मी आईएसबीटी परिसर में एकत्रित हुए। कर्मियों ने तीन माह का वेतन भुगतान, संविदा विशेष श्रेणी कर्मियों को नियमित करने, नियमितीकरण तक समान कार्य का समान वेतन, अवैध वाहन संचालन पर रोक लगाने, निगम के बेड़े में 600 नई बस खरीदने के लिए बजट आवंटन आदि मांगों को प्रमुख से उठाया। कर्मियों ने अनिश्चितकालीन धरने का एलान किया। धरना स्थल पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी नेता गंगा गिरि गोस्वामी ने समर्थन दिया।
संघ प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव ने बताया कि दिसंबर 2025 से संगठन आंदोलनरत है, लेकिन अभी तक मांगों का निदान नहीं हुआ है। उन्होंने एलान किया कि मांगों के निदान तक प्रतिदिन धरना दिया जाएगा। धरना प्रदर्शन में देवेंद्र मिश्रा, तारा चंद जोशी, नरेंद्र कुमार पलड़िया, बालकृष्ण शर्मा, दीपक साह, गौरव गुप्ता, एलएम पांडेय, नवनीत, प्रेम दुम्का, बालमुकुंद सुयाल, गौरव गुप्ता, पीसी जोशी, मनोहर सिंह, विवेकानंद महर, अनिल कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार, विजय कुमार, दीपक जोशी, विजय कपिल, नवीन नेगी, राकेश गुप्ता, कुलवीर सिंह समेत अनेक कर्मी शामिल रहे।