वोट है ताकत, वोट हर हाल, प्रदेश बने खुशहाल नारे के साथ सोमवार को यहां एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अमर उजाला ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। नए मतदाताओं में पहली बार वोटिंग को लेकर उत्साह देखा गया।
वहीं कॉलेज के विद्यार्थियों ने कहा कि वह अपने गांव जाकर अमर उजाला की इस मुहिम को आगे बढ़ाएंगे और लोगों को शतप्रतिशत वोटिंग के लिए प्रेरित करेंगे। मतदाता जागरूकता के लिए छात्रों ने रैली निकाली।
बाद में हुई मतदाता जागरूकता गोष्ठी में कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अजय शुक्ल ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत वोटर हैं। जब सभी लोग वोट देंगे, तभी एक मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद रखी जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने गांव जाकर इस मुहिम को मुकाम तक पहुंचाने का काम करें। हर व्यक्ति को अनिवार्य रूप से वोटिंग के लिए प्रेरित करें। केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक अशोक ओझा ने कहा कि मतदान हर व्यक्ति को करना चाहिए। 18 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना चाहिए। 15 फरवरी को अपने मतदान केंद्र में जाकर वोट डालें और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।
अमर उजाला की पहल स्वागत योग्य
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अजय शुक्ल ने अमर उजाला की पहल को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि इससे मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और यह बेहतरीन लोक शिक्षण का काम भी है। उन्होंने कहा कि अखबार ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अच्छी पहल की है।
यह अभियान निरंतर जारी रहे
केंद्रीय विद्यालय पिथौरागढ़ के शिक्षक अशोक ओझा ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने वाला यह अभियान लगातार जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने इस दिशा में जो पहल की है वह असरदार रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को अभी भी मतदान के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
गांव के लोगों को भी प्रेरित करूंगी
पीजी कॉलेज में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा कमला ने कहा कि वह अपने गांव जाकर भी लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति सभी को जागरूक होना पड़ेगा, तभी हम मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद रख पाएंगे।
इस अभियान से प्रेरणा मिली
पिथौरागढ़। पीजी कॉलेज में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा प्रीति ने कहा कि अमर उजाला के अभियान से काफी प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करेंगी और खुद भी मतदान में हिस्सा लेंगी।
मतदान का प्रयोग सभी करें
छात्रा सावित्री ने कहा कि मतदान सबसे बड़ा हथियार है। इसका उपयोग करना चाहिए। वह कहती हैं कि अब लोगों की जागरूकता बढ़ रही है। कई संगठन इस दिशा में काम कर रहे हैं।
पहली बार वोट डालने की उत्सुकता
बीकाम फाइनल की छात्रा चंद्रकला का कहना है कि पहली बार वोट डालने की उत्सुकता है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में हर चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
साथियों को भी प्रेरित करूंगी
बीए फाइनल की छात्रा राधा ने कहा कि वह खुद तो वोटिंग करेगी ही, साथ में अपने दोस्तों को भी वोटिंग के लिए प्रेरित करूंगी। उन्होंने कहा कि नेक काम में सभी को साथ देना चाहिए।