डीडीहाट उद्यान विभाग में आलू बीज को लेकर हंगामा करते किसान।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। डीडीहाट में आलू बीज लेने पहुंचे किसानों ने उद्यान कार्यालय में जमकर हंगामा काटा। आलू बीज कम मिलने से किसानों में नाराजगी थी। उन्होंने जरूरत के हिसाब से बीज नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को उद्यान विभाग में मिर्थी क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव के किसान आलू बीज लेने पहुंचे थे। विभाग के पास हर वर्ष 70 क्विंटल आलू आता था, लेकिन इस बार 50 क्विंटल ही बीज आया। कई ग्रामीणों को आलू का बीज नहीं मिला। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा काटा। आलू बीज लेने पहुंचे ननपापू, धौलेत, खितोली, डीडीहाट बाजार, दूनाकोट, खाट, दनियाखान आदि गांव के 50 से अधिक किसानों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
प्रकाश बोरा ने कहा कि ननपापू से मिर्थी तक के ग्रामीण आलू बीज के लिए आए थे। विभाग के पास 20 क्विंटल बीज कम आया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र एक सप्ताह में बीज नहीं आया तो आंदोलन किया जाएगा। उद्यान प्रभारी नारायण सिंह मेहता ने बताया कि आलू बीज की मांग भेजी गई है। बीज का आलू उपलब्ध होते ही किसानों को दिया जाएगा।