डीडीहाट में शहीद की प्रतिमा के अनावरण पर उपस्थित लोग
- फोटो : अमर उजाला
बेहद भावुक माहौल में शहीद राकेश खोलिया की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान युवाओं ने राकेश खोलिया अमर रहे के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
19 जुलाई वर्ष 2008 को तहसील वार्ड निवासी कुमाऊं रेजीमेंट के राकेश खोलिया पुत्र लाल सिंह खोलिया बारामूला में आतंकवादियों से लोहा लेते महज 22 वर्ष की उम्र में शहीद हो गए थे। नगरपालिका ने शहीद की स्मृति में तहसील रोड पर शहीद चौक का निर्माण कराया। शहीद राकेश के पिता लाल सिंह ने उनकी प्रतिमा का निर्माण करवाया। बृहस्पतिवार को बेहद भावुक माहौल में प्रतिमा का अनावरण ब्लॉक प्रमुख जयंती देवी ने शहीद के पिता और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में किया। इस दौरान शहीद के पिता फफक कर रो पड़े।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि राकेश आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए। उनकी शहादत पर देश को गर्व है। धन सिंह कफलिया ने कहा कि क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिक शहीद परिवार के साथ हैं। इस दौरान खंड विकास अधिकारी एसएस दरियाल, पालिका की अधिशासी अधिकारी जीवंती जोशी, हरीश चंद्र पंत, एमसी पंत, दुर्गा सिंह खड़ायत, ईश्वर मर्तोलिया, दान सिंह खड़ायत आदि थे।