पिथौरागढ़। डीएम के पुराने आदेश पत्र के साथ छेड़छाड़ कर 12 जुलाई को विद्यालयों में अवकाश का फर्जी पत्र जारी कर दिया गया। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने फर्जी पत्र जारी करने वाले के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
11 जुलाई को सोशल मीडिया पर खराब मौसम के दृष्टिगत 12 जुलाई को एक से 12वीं तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश का आदेश संबंधी पत्र वायरल हुआ। पत्र में डीएम रीना जोशी के हस्ताक्षर भी थे जबकि डीएम की ओर से 12 जुलाई को अवकाश के संबंध में कोई पत्र जारी ही नहीं किया गया था। इससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। फर्जी पत्र जारी होने की जानकारी मिलने पर प्रशासन में खलबली मच गई।
पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 10 जुलाई को डीएम की ओर से जारी पत्र में अंकों के साथ छेड़छाड़ कर अवकाश का फर्जी पत्र प्रसारित कर दिया। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर अनुराग आर्य ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कराया है। एसडीएम ने बताया कि साइबर सेल की मदद से भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाले का पता लगाया जा रहा है।