पिथौरागढ़। लॉकडाउन में जब सभी लोग घरों में हाथों पर हाथ धरे बैठे हैं, ऐसे में डीडीहाट नगर पालिका ने अनूठी पहल की है। डीडीहाट नगर पालिकाध्यक्ष कमला चुफाल 16 अप्रैल से बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए होम मेड मास्क की एक नई पहल शुरू करेंगी।
पालिकाध्यक्ष कमला चुफाल ने बताया कि 16 अप्रैल से नगर पालिका में होम मेड मास्क का निर्माण गृह उद्योग के रूप में किया जाएगा। कहा इसमें नगरपालिका क्षेत्र की महिलाएं युवतियां और युवा हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने कहा जो भी इस रोजगार कार्यक्रम से जुड़ना चाहते हैं, वो अपने वार्डों के वॉलिंटियर से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने सभी सात वार्डों के वॉलिंटियर की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है।
मास्क निर्माण के लिए पालिका कच्चा माल निशुल्क उपलब्ध कराएगी। घर में बैठकर प्रत्येक परिवार प्रतिदिन 50 से अधिक मास्क का निर्माण कर सकते हैं। नगरपालिका डीडीहाट इन मास्कों को 10 रुपये प्रति पीस के हिसाब से आपसे खरीदेगी, नगर और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जहां भी मास्क की आवश्यकता है। उन स्थानों पर पहुंचाएगी। मास्क बनाने के इच्छुक लोग सीधे नगर पालिका अध्यक्ष से भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के लोगों से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। डीडीहाट नगर का नाम पूरे देश और राज्य में लॉकडाउन में गृह उद्योग के रूप में नई पहचान दिलाएगा। पालिकाध्यक्ष 16 अप्रैल को इस कार्यक्रम को शुरू करेंगी। पालिकाध्यक्ष के प्रयासों की लोगों ने सराहना की है।