पिथौरागढ़ में प्रदर्शन करते बेरोजगार
- फोटो : अमर उजाला
बेरोजगारी से त्रस्त सैकड़ों युवाओं का हुजूम शुक्रवार को सड़क पर उतर आया। उन्होंने रामलीला मैदान से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बेरोजगारों ने सीएम को ज्ञापन भेजकर विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्तियां करने की मांग उठाई। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेेतावनी भी दी।
शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में युवा बेरोजगार रामलीला मैदान में एकजुट हुए। यहां आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि अधिकतर विभागों में हजारों पद रिक्त हैं। इन पदों पर भर्तियां नहीं की जा रही है। उल्टा सरकार एक-एक कर पदों को समाप्त कर रही है। इससे सरकारी सेवाओं में रोजगार के मौके घट रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी भत्ता तक नहीं मिलने पर रोष जताया। कहा कि बेरोजगारी के चलते युवाओं के भीतर आत्मघाती प्रवृत्ति और आपराधिक मामले भी बढ़ रहे हैं।
सभा के बाद बेरोजगारों का कारवां जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुआ। यहां सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस दौरान चंचल बोहरा, हेमंत खाती, नवीन कापड़ी, राकेश जोशी, नीरज मेहता समेत सैकड़ों युवा थे। वहीं, सभा स्थल पर समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की लड़ाई में पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलेगी।