डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में अल्ट्रासाउंड मशीन तो लगा दी गई लेकिन इसे चलाने के लिए किसी तकनीशियन की नियुक्ति नहीं हो सकी है। अस्थायी तौर पर जिला अस्पताल से महीने में एक दिन अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित करने के लिए तकनीशियन डीडीहाट भेजा जाता है लेकिन 50 हजार की आबादी वाले डीडीहाट और आसपास के क्षेत्र के लोगों की समस्या इससे हल नहीं होती। ऐसे में गर्भवतियों और अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए काफी दूरी तय कर जिला अस्पताल या फिर धारचूला जाना पड़ रहा है।
जन आंदोलन के बाद डीडीहाट सीएचसी में वर्ष 2024 में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई गई। हाईटेक अल्ट्रासाउंड मशीन तो मिल गई लेकिन विभाग तब से तकनीशियन नहीं दे सका। महीने में एक दिन तकनीशियन आने पर उस दिन बड़ी मुश्किल से सिर्फ गर्भवतियों के ही अल्ट्रासाउंड हो पाते हैं। पेट संबंधी अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने पिथौरागढ़, धारचूला या फिर हल्द्वानी जाना पड़ रहा है।
कोट
यह बड़ी समस्या है। क्षेत्र के मरीज काफी परेशान हो रहे हैं। डीडीहाट सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन के उपयोग के लिए तकनीशियन की नियुक्ति का हर संभव प्रयास किया जाएगा। - विशन सिंह चुफाल, विधायक डीडीहाट
जिले में अल्ट्रासाउंड मशीन को चलाने के लिए तकनीशियन की कमी है। इसके बावजूद मरीजों की समस्या दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। - डॉ. एसएस नबियाल, सीएमओ पिथौरागढ़
पहाड़ से पलायन के लिए यहां की खराब स्वास्थ्य व्यवस्था ही पहला कारण है। सरकारें स्वास्थ्य सुविधा की बेहतरी के लिए कोई कार्य नहीं कर रही हैं। सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन का महीने में एक दिन चलना इसका उदाहरण है। - आनंद सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यूथ कांग्रेस