चंद्रशेखर पुनेड़ा, अध्यक्ष यूकेडी। संवाद
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के मड़धूरा में सीमांत इंजीनियरिंग काॅलेज के निर्माण में 14.19 करोड़ रुपये फूंकने के बावजूद इसका संचालन नहीं होने पर उत्तराखंड क्रांति दल मुखर हो गया है। दल के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा ने कहा है कि कुछ लोग जानबूझकर मड़धूरा में इंजीनियरिंग कालेज का संचालन नहीं होने देना चाहते हैं। यदि भवन का सुधार कर कक्षाओं का संचालन नहीं किया गया तो उत्तराखंड क्रांति दल जनांदोलन करेगा।
उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष पुनेड़ा ने कहा कि मड़धूरा में सीमांत इंजीनियरिंग काॅलेज भवन निर्माण में 14.19 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। भवन के रखरखाव के लिए निर्माण एजेंसी को सुरक्षा के उपाय करने चाहिए। सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया जाए तो यह स्थान काॅलेज के संचालन के लिए सबसे उपयुक्त है। इंजीनियरिंग काॅलेज तक पक्की सड़क भी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह स्थान पिथौरागढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल चंडाक से बेहद करीब है। ऐसे में इंजीनियरिंग काॅलेज का संचालन जीआईसी के परिसर में किया जाना उचित नहीं है। यदि शासन प्रशासन की ओर से इंजीनियरिंग काॅलेज के भवन का सुधार कर कक्षाओं का संचालन शुरू करने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए तो उत्तराखंड क्रांति दल जानांदोलन करने को मजबूर होगा।