पिथौरागढ़। रामलीला मैदान में सातूं-आठूं मेला जारी है। रविवार को सातूं-आठूं में आठूं खेल के साथ ही हिलजात्रा का मंचन भी किया गया। सातूं-आठूं में लगने वाले खेल और झोड़ा-चांचरी देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी।
मेला कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चंद्रा पंत, वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेश पंत, प्रकाश जोशी, केदार जोशी थे। सातूं-आठूं मेले में महिला-पुरुषों ने खेल लगाए। नारायण सोराड़ी, नवीन भट्ट, माधवी बिष्ट, जानकी रावत, श्वेता बिष्ट, गंगा देवी, राधिका देवी, रेखा वर्मा आदि महिला-पुरुषों ने त्यार हाथ में भलि छाजि रो लेखिया रुमाल, सिलगड़ी का पाला-चाला, अल्मोड़ा अंग्रेज आयो टैक्सी में आदि बोलों के साथ खेल लगाए।
विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भी कार्यक्रम दिखाए इनमें नार्थ राइड पब्लिक स्कूल, चिल्ड्रेन नॉलेज एकेडमी, पीएनएफ के बच्चे शामिल रहे। इसके अलावा नवोदय पर्वतीय कला केंद्र के कलाकारों ने हेमराज बिष्ट के निर्देशन में हिलजात्रा का मंचन किया। दीवान सिंह वल्दिया के संचालन में हुए सातूं-आठूं मेले के आयोजन में अशोक पाटनी, प्रमोद पाटनी, दीपक नगरकोटी, राकेश साह, नवीन भट्ट, गोविंद बिष्ट, शंकर चंद आदि सहयोग दे रहे हैं।
रामलीला प्रबंध कारिणी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह माहरा ने कहा कि सातूं-आठूं मेला को भव्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रविवार को मौसम साथ रहने से बड़ी संख्या में लोग झोड़ा-चांचरी देखने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे। दिन भर मैदान लोगों से खचाखच भरा रहा। देर शाम तक खेलों का आयोजन जारी रहा। सातूं-आठूं मेले का समापन 23 अगस्त को होगा।