टनकपुर (चंपावत)। उचौलीगोठ के मैदान में क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे दो बाइक सवार मैक्स वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया।
अस्पताल में घायलों के साथ आए लोगों ने बताया कि सोमवार को बनबसा निवासी धर्मेंद्र पाल (34) और आनंदपुर बनबसा निवासी हरीश चंद (32) उचौलीगोठ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का एक मैच खेलकर घर को बाइक से लौट रहे थे। इस बीच गैंडाखाली और उचौलीगोठ के बीच विपरीत दिशा से आ रहे मैक्स वाहन की चपेट में बाइक आ गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल भेजा। डॉ. अफताब अंसारी ने दोनों घायलों का प्राथमिक इलाज किया। इनमें धर्मेंद्र के सिर पर गंभीर चोट होने पर रेफर किया गया है जबकि हरीश के पांव में चोट आई है। घायलों के साथ सुशील ने बताया कि आज पहला मैच था और मैच जीतने के बाद दोनों घायल बाइक से वापस लौट रहे थे।