सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते कांडा गांव के लोग
- फोटो : अमर उजाला
धुरौली से कांडा तक 2008 में स्वीकृत दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अब तक पूरा न होने से आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने डीएम दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। इस सड़क को लेकर क्षेत्र के लोग कई बार आंदोलन कर चुके हैं। ग्राम प्रधान भुवन चंद्र चौंसाली के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने बताया कि यदि दो किलोमीटर सड़क का निर्माण हो जाता तो कांडा, चिटगालगांव के लोगों को भी सड़क का लाभ मिल जाता।
कहा गया कि एक स्वीकृत सड़क के दो किलोमीटर हिस्से को पूरा करने में ही जब नौ साल लग जाएं तो विकास की क्या उम्मीद की जा सकती है। इसके अलावा चमूबैंड से धुरौली तक इस समय जो सड़क बनी है, उसकी हालत भी बेहद खराब है। इसमें वाहनों के संचालन में भारी कठिनाई होती है। कहा गया कि सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने की मांग को लेकर कई बार लोनिवि के अधिकारियों से पत्र व्यवहार किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
डीएम सी रविशंकर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क का निर्माण कार्य किन कारणों से रुका है, इसकी छानबीन की जाएगी। प्रदर्शन में कृष्णानंद चौंसाली, श्याम दत्त, मोहन चंद्र, केएन चौंसाली, देवीदत्त चौंसाली, हरीदत्त, श्रीकृष्ण भट्ट आदि शामिल थे।