डीडीहाट के लोहारगांव में बारिश के दौरान टूटा मकान
- फोटो : अमर उजाला
जिले के कई हिस्सों में शुक्रवार रात हुई बारिश के दौरान दो लोगों के मकान टूट गए। दोनों परिवारों ने गांव में ही दूसरे घरों में शरण ले रखी है।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार डीडीहाट के लोहारगांव में मीना देवी पत्नी प्रकाश राम का मकान भारी बारिश के दौरान टूट गया। मकान टूटने से उसके मलबे में दबकर सारा सामान नष्ट हो गया है। परिवार के लोग मकान टूटने से पहले ही बाहर निकल गए थे। क्षति का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके को रवाना हो गई है।
उधर, बेड़ीनाग के लोहाथल में गीता देवी पत्नी महेश राम का मकान भी बारिश के दौरान टूट गया। परिवार के लोगों ने गांव में ही दूसरे घर में शरण ले रखी है। धारचूला में शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश से लोग दहशत में आ गए। फिलहाल कहीं से भी नुकसान की सूचना नहीं है।
कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-16.0 एमएम
बेड़ीनाग-13.0 एमएम
मुनस्यारी-52.0 एमएम
गंगोलीहाट-1.0 एमएम
डीडीहाट-11.0 एमएम
धारचूला-108.0 एमएम
जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग दस घंटे तक बंद रहा
मदकोट (पिथौरागढ़)। जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर घिंघरानी के पास शुक्रवार रात करीब 12 बजे भारी मलबा आने से यातायात पूरे दस घंटे तक बंद रहा। सीमा सड़क संगठन ने शनिवार सुबह करीब सात बजे से मलबा हटाने का काम शुरू किया और दस बजे मलबा हटने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। उधर, थल-मुनस्यारी सड़क पर बनिक के पास तड़के चार बजे मलबा आने से यातायात चार घंटे तक बंद रहा। लोक निर्माण विभाग ने सुबह आठ बजे मलबा हटाया और यातायात बहाल कर दिया। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार तवाघाट-सोबला मार्ग जम्कू और खेत के पास मलबा गिरने से बंद पड़ा है। मलबा हटाने का काम जारी है। अन्य आंतरिक सड़कों को खोलने का काम लगातार जारी है। इस समय गांवों को जोड़ने वाले छह मार्ग बंद हैं। इनमें मसूरीकांठा-होकरा, कोटा-पंद्रपाला, मदकोट-दारमा, मदकोट-बोना, डीडीहाट-सीराकोट और मालाकोट-लोध शामिल हैं।