फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिन बाद बैंक खुले, लोगों की भीड़ उमड़ी

Mon, 26 Dec 2016 10:26 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ स्टेट बैंक में सोमवार को उमड़ी लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को बैंक खुले तो लोगों की भीड़ उमड़ गई। सोमवार को स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में अल्मोड़ा से 25 करोड़ रुपए पहुंचे। इससे भुगतान की स्थिति में काफी हद तक सुधार आ गया है। मुख्य शाखा से अभी लोगों को अधिकतम 24 हजार रुपए का एक हफ्ते में भुगतान मिल रहा है। सीसी और चालू खातों से व्यापारियों को 50 हजार रुपए की रकम दी जा रही है।
विज्ञापन


स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में सोमवार को अपेक्षाकृत ज्यादा भीड़ रही। बैंक लोन लेने, नए खाते खोलने वाले, पासबुकों में एंट्री कराने वाले और खातों से पैसा निकालने वाले बड़ी संख्या में पहुंचे थे। अब महीने और साल का अंतिम सप्ताह चल रहा है। कुछ लोग एक जनवरी से पड़ने वाली शीतकालीन छुट्टियों में घरों को निकल जाएंगे। इसलिए किराया एवं अन्य देनदारी को निपटाने के लिए वह बैंकों से पैसा निकाल रहे हैं।

एसबीआई के रोकड़ अधिकारी कन्हैया लाल ने बताया कि अभी 30 दिसंबर तक नई गाइड लाइन आने तक सभी खातों से 24000 मिलते रहेंगे। सीसी और चालू खातों से 50 हजार तक मिलते रहेंगे। उन्होंने बताया कि 5 करोड़ रुपए के 500 के नए नोट भी बैंक में आ चुके हैं। साथ ही दो हजार के नए नोटों की खेप भी पहुंची है। शीघ्र ही आरबीआई से और करेंसी आने वाली है। एसबीआई के वरिष्ठ सहायक सुंदर सिंह रावत ने बताया कि सोमवार से एसबीआई के एटीएम से 2000 के स्थान पर 2500 निकलने लगेंगे। सोमवार को पहले चरण में जाजरदेवल और पुलिस लाइन के एटीएम में 500 के नोट डाले जा चुके हैं। शेष सभी 11 एटीएम में मंगलवार को 500 के नोट डाल दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर के सभी एटीएम दो दिन के अवकाश के दौरान भी सही ढंग से संचालित होते रहे। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
विज्ञापन


डीडीहाट के बैंकों में कैश समाप्ति की ओर
डीडीहाट। यहां स्टेट बैंक में कैश समाप्त होने को है। अब तक बैंक को रिजर्व बैंक से सीधे कैश नहीं मिला है। बैंक खातेदारों की ओर से जमा राशि से ही काम चला रहा है। यदि मंगलवार तक कैश नहीं आया तो स्थिति खराब होने वाली है। स्टेट बैंक ने नोटबंदी के बाद रिजर्व बैंक को 82 करोड़ रुपए की डिमांड भेजी थी। इसमें से अब तक मात्र 21 करोड़ रुपए ही नजदीकी जिलों से मिल पाए हैं। स्टेट बैंक की चेस्ट ब्रांच से अपनी 16 शाखाओं एवं अन्य बैंकों की पांच शाखाओं को भी कैश दिया जाता है। नगर के सभी एटीएम सोमवार से बंद हो गए हैं। बैंक अब निकासी में 24 हजार रुपए दे पाने की स्थिति में नहीं है। भुगतान के लिए आने वालों को पांच हजार से ज्यादा रकम नहीं दी जा रही है। स्टेट बैंक के सेवा प्रबंधक सचिन सिंघल ने बताया कि यदि जल्दी कैश नहीं आया तो डीडीहाट चेस्ट ब्रांच के साथ अन्य बैंकों में भी दिक्कत होने लगेगी। कैश के लिए अल्मोड़ा क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क साधा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें