बंगापानी एसबीआई की शाखा में चोरी का प्रयास करने के गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ। संवाद न्यूज ए
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। बंगापानी में एसबीआई का ताला तोड़कर एटीएम को नुकसान पहुंचाने और चोरी का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने दो नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया है।
13 जनवरी की रात अज्ञात लोगों ने बंगापानी स्थित एसबीआई शाखा का ताला तोड़कर एटीएम को नुकसान पहुंचाते हुए चोरी का प्रयास किया था। इस मामले में जौलजीबी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष जौलजीबी हरीश राम आर्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं विवेचना की। पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शनी ने एसओजी और ओगला चौकी प्रभारी को मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने ओगला के नारायणनगर पेट्रोल पंप के पास दो नेपाली युवक संदीप बसनेत (22) और राजकुमार बिष्ट (23) दोनों निवासी चैनपुर, जिला बजांग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। वह एटीएम को तोड़ने की योजना काफी समय से बना रहे थे। टीम में एसओजी प्रभारी हेम तिवारी, ओगला चौकी प्रभारी प्रकाश पांडेय, कांस्टेबल एसओजी बलवंत बंदिया, संदीप चंद, भुवन पांडेय, सतेंद्र सुयाल, सर्विलांस के उमेश अधिकारी, अरविंद कुमार, जौलजीबी थाने के राजेंद्र सिंह, दीपक कापड़ी शामिल रहे।