कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने वर्कशॉप में चोरी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने वर्कशॉप से चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया हुआ सामान भी बरामद किया है।
व्यवसायी विजय पंत ने 27 नवंबर को कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी थी। बताया कि यूनिवर्सल मोटर्स के नाम से उनकी मोटर वर्कशॉप सीएमपी चेकपोस्ट वड्डा रोड विण पर है। वह 25 नवंबर को गैराज बंद कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन 26 नवंबर की सुबह आकर देखा तो देखा तो गैराज से एक बैटरी, रिम समेत एक टायर, एक हूटर, कार वाला एक स्टीरियो, एक गैस सिलिंडर चोरी हो गया था। चोरों ने स्कॉर्पियो गाड़ी का म्यूजिक सिस्टम चोरी कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया था। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 380/427 में केस दर्ज किया।
प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे और एसआई हरीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बताया कि वड्डा निवासी आरोपी पंकज कुमार आजकल सिनेमा लाइन पर रहा था। उसे एपीएस तिराहे के पास से दबोचा गया जबकि विण निवासी रितेश कुमार को चुंगी वड्डा रोड से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी हुआ सामान भी बरामद किया गया। पूछताछ करने पर आरोपी पंकज ने बताया कि वह टैक्सी चालक है और उसके दोस्त रितेश की कबाड़ी की दुकान चुंगी के पास वड्डा रोड पर है। दोनों ने अपराध कबूल किया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
लोहाघाट में हुई चोरियों का खुलासा
लोहाघाट (चंपावत)। नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि पिछले पखवाड़े में नगर में भवन निर्माण सामग्री, चौखट, सरिया, प्लाई, सनमाइका आदि चोरी हुई थी। पीड़ितों ने इसकी मौखिक शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने नगर के सीसीटीवी फुटेज और लोगों की मदद से नगर के ठाड़ाढुंगा मोहल्ले में रहने वाले नेपाल निवासी युवक के पास से चोरी की सामग्री बरामद की। इसे शिकायतकर्ताओं को सौंप दिया गया। पुलिस को आरोपी शंकर सिंह के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की है।