पिथौरागढ़। बेस अस्पताल में चर्म रोगियों को अगले माह उपचार मिलेगा। एकमात्र चर्म रोग विशेषज्ञ अपने जरूरी काम से अवकाश पर चले गए हैं। जिले में अन्य विशेषज्ञ न होने से मरीजों को हल्द्वानी जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही जिला अस्पताल से दो किमी दूर बेस अस्पताल में आधी अधूरी व्यवस्था के साथ ओपीडी के लिए चर्म और मनोरोग चिकित्सक की तैनाती कर मरीजों की परेशानी बढ़ाई थी। अब चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मृगांक शुक्ला के निजी कार्य के कारण अवकाश पर जाने से मरीजों को बेस में भी उपचार मिलना मुश्किल हो गया है। वह अगले माह लौटेंगे। तब तक मरीजों को इंतजार करना होगा।
यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला प्रवक्ता अभिषेक बोहरा ने कहा कि पहले ही विभाग ने बेस में उनकी ड्यूटी लगाकर मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी थी। अब उनके जरूरी अवकाश पर जाने से मरीजों को दिक्कत होगी। उन्होंने कहा कि विभाग को चिकित्सक को जिला अस्पताल में तैनात करना चाहिए। अगर विभाग उनको वापस जिला अस्पताल में तैनात नहीं करता है तो आंदोलन किया जाएगा। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि एकमात्र चर्म रोग चिकित्सक के अवकाश से लौटने के बाद ही मरीजों का उपचार हो सकेगा।