पिथौरागढ़। कई हथकंडे अपना चुके साइबर ठग अब लोगों को लक्की ड्रॉ में लाटरी खुलने का झांसा देकर ठगने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में फोन आने पर अपने परिचितों से जानकारी लेने के कारण एक युवक ठगी का शिकार होने से बच गया।
बंगापानी निवासी मनोज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके फोन नंबर पर कॉल आई। फोन करने वाले ने स्वयं को व्हाट्स एप दफ्तर दिल्ली से बताते हुए उन्हें 25 लाख की लाटरी खुलने की सूचना दी। बताया कि उनकी जीती राशि मुंबई के एक बैंक में आ चुकी है। यह राशि लेने के लिए बैंक मैनेजर से केवल व्हाट्सएप पर ही कॉल करनी होगी। मनोज को अपने चंगुल में फंसाने के लिए साइबर ठगों ने एक प्रतिष्ठित टीवी शो का लोगो और मोहर लगा प्रमाणपत्र भी व्हाट्स एप पर भेजा। इसके बाद जब मनोज ने बताए गए नंबर पर फोन किया तो उसे राशि लेने से पहले एक बैंक खाते में 10 हजार रुपये भेजने को कहा गया। मनोज ने जब अपने परिचितों से पूछा तो उन्होंने साइबर ठगों के झांसे में न आने की सलाह दी। मनोज का कहना है कि यदि वह पूछताछ नहीं करते तो वह लाटरी के लालच में अपनी जमा पूंजी गंवा बैठते।
साइबर अपराधी कई प्रकार के प्रलोभन देकर या फिर एटीएम का पिन नंबर पूछकर लोगों से ठगी करते हैं। इस तरह के फोन या मेल आने पर लोगों को उनके झांसे में नहीं आना चाहिए। बैंक खातों और एटीएम की डिटेल या फिर ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इस तरह के फोन आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
- सुखवीर सिंह, एसपी, पिथौरागढ़।