पिथौरागढ़। जिला बेस अस्पताल में स्थापित ट्रूनेट मशीन से करीब पांच हजार से अधिक लोगों की जांचें हो चुकीं हैं। पिछले साल बेस अस्पताल में स्थापित इस मशीन के परिणाम बेहद अच्छे हैं। इसमें रोज औसतन 12 लोग पॉजिटिव आ रहे हैं। इस मशीन के संचालन के लिए प्रशिक्षित तकनीशियन की जरूरत भी नहीं होती है।
रक्तकोष प्रभारी डॉ. नरेंद्र शर्मा ने बताया कि सीमांत में ट्रूनेट मशीन बेहद कारगर साबित हो रही है। किसी भी व्यक्ति की कोरोना जांच के सैंपल की सटीक रिपोर्ट एक घंटे के भीतर आ जाती है। उन्होंने बताया कि ट्रूनेट मशीन आरटीपीसीआर की तर्ज पर ही कार्य करती है। ट्रूनेट की जांच रिपोर्ट आरटीपीसीआर के ही बराबर मान्य होती है।
उन्होंने बताया कि इसमें करीब 5500 जांचें हो चुकीं हैं। डॉ. शर्मा की देखरेख में मोहित और शुभम ट्रूनेट मशीन से रोज करीब 100 तक जांचें कर रहे हैं। इनमें से रोज करीब 12 लोग संक्रमित मिल रहे हैं।
रोज जांच औसत बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। इसलिए उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की तकलीफ होने पर जांच कराने की अपील की है। कहा कि जांच से घबराएं नहीं। समय रहते जांच होने पर उचित उपचार मिल सकता है।