पिथौरागढ़। मखौलीगांव के वीर शहीद शौर्य चक्र विजेता हीरा बल्लभ नगरकोटी को उनकी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण स्मरण किया गया। कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों, परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वीरांगना सीमा नगरकोटी और बड़े भाई कृष्णानंद नगरकोटी सहित अन्य लोगों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। हीरा बल्लभ 1988 में पंजाब प्रांत में शहीद हुए थे। उस समय आतंकवादियों ने भाखड़ा नांगल बांध पर रिसाव कर गांव को डुबोने का प्रयास किया था। कुमाऊं रेजीमेंट ने ऑपरेशन चलाया जिसमें हीरा बल्लभ ने अदम्य साहस दिखाया। उन्होंने सात नागरिकों को बचाने के बाद अन्य लोगों को बचाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनकी वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। पुण्यतिथि पर सेना ने वीरांगना सीमा नगरकोटी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।