पिथौरागढ़ नैनीसैनी हवाई पट्टी पर मॉकड्रिल करती फायर ब्रिगेड
- फोटो : अमर उजाला
नैनीसैनी हवाई पट्टी से तीसरे दिन भी ट्रायल लैंडिंग नहीं हुई। अलबत्ता हवाई पट्टी पर उतरे स्टेट प्लेन से वित्त मंत्री प्रकाश पंत देहरादून को रवाना हुए। वहीं, ट्रायल लैंडिंग नहीं होने से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद लगाए लोगों में निराशा है।
नैनीसैनी हवाई पट्टी से पहले सात अक्तूबर से नियमित उड़ान शुरू करने की योजना थी। नागरिक उड्डयन विभाग से लाइसेंस नहीं मिलने के कारण इस सेवा को आठ अक्तूबर से शुरू करने की बात कही गई। इसके लिए तीन अक्तूबर को ट्रायल लैंडिंग की बात कही गई थी, लेकिन चार और पांच अक्तूबर को भी ट्रायल लैंडिंग के लिए विमान नहीं पहुंचा। उम्मीद जताई जा रही थी कि शुक्रवार को ट्रायल लैंडिंग होगी। इसके लिए लोग विमान उतरने की प्रतीक्षा भी कर रहे थे। दिन में एक विमान हवाई पट्टी पर उतरा।
यह विमान वित्त मंत्री प्रकाश पंत को लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गया। हवाई पट्टी पर शुक्रवार को भी उड़ान को लेकर तैयारियां जारी रहीं। दिल्ली और देहरादून एयरपोर्ट से आए फायर सर्विस के अधिकारियों ने हवाई पट्टी में आग से निपटने का मॉकड्रिल किया। इस दौरान एसडीएम एवं एयरपोर्ट मैनेजर संतोष कुमार पांडेय और सीओ एवं एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी शेखर चंद्र सुयाल मौजूद रहे।