घंटाकरण-चंडाक रोड पर सड़क की तरफ लटके पेड़
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार रात नगर के चंडाक मार्ग पर जीजीआईसी के पास एक विशाल पेड़ कैंटर के ऊपर गिर गया था। सौभाग्य से कोई इंसान पेड़ की चपेट में नहीं आया, लेकिन इस मार्ग पर एक साथ पांच और पेड़ सड़क की ओर झुके हैं, जो कभी भी किसी को हादसे का शिकार बना सकते हैं। वहीं, सरकारी तंत्र इन सबसे अनजान बना है।
चंडाक मार्ग पर घंटाकरण के पास लक्ष्मी नारायण मंदिर से जीजीआईसी तक 30 मीटर के दायरे में पांच पेड़ सड़क की ओर लटके हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। दिन में ये पेड़ गिरे तो इस व्यस्ततम सड़क पर गंभीर हादसा हो सकता है। सड़क की ओर लटके इन पेड़ों को काटने की मांग पिछले साल भी उठी थी, लेकिन लोनिवि, आपदा प्रबंधन विभाग और वन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसका नतीजा मंगलवार रात देखने को मिला, जब एक पदम का एक विशाल पेड़ एक कैंटर पर गिर गया। कैंटर की मजबूत बॉडी के कारण पेड़ कैंटर के भीतर सोए चालक राहुल कुमार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाया।
यह पेड़ यदि दिन में गिरा होता तो जानमाल को नुकसान हो सकता था, लेकिन सड़क की ओर लटके पेड़ों को नहीं काटा गया तो गंभीर हादसा हो सकता है। सीमांत यूथ मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील खत्री ने सड़क की ओर झुके पेड़ों को काटने की मांग करते हुए कहा है कि एक सप्ताह के भीतर पेड़ नहीं हटते हैं तो मोर्चा आंदोलन करेगा।
क्या बोले अधिकारी
चंडाक मार्ग पर जीजीआईसी के पास सड़क की ओर लटके पेड़ों को हटाने के संबंध में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आरएस राणा का कहना है कि वन विभाग के संज्ञान में यह बात है। वन विभाग इन पेड़ों को हटाने की कार्रवाई करेगा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवीन जोशी कहते हैं कि खतरा बने पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग को लिखा जा रहा है।