पिथौरागढ़। खराब मौसम में पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर यात्रियों के लिए सफर जोखिम भरा साबित हो रहा है। सल्मोड़ा थाने और पलेटा पनखोली के पास सड़क के ऊपर लटक रहे पेड़ दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। तेज हवाओं के चलने के कारण ये पेड़ टूट कर सड़क पर गिर रहे हैं। इससे सड़क पर आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए खतरा बना हुआ है। बावजूद इसके इन पेड़ों को नहीं हटाया जा रहा है।
कुछ वर्ष पूर्व बीआरओ ने सल्मोड़ा से तवाघाट तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया। सड़क चौड़ीकरण के दौरान बाधा बन रहे पेड़ों को काटा गया। सड़क कटिंग के बाद कुछ चीड़ के पेड़ों को बिना काटे छोड़ दिया। ये पेड़ सड़क की ओर लटक रहे हैं। तेज हवाओं के चलने के कारण ये पेड़ टूटकर सड़क पर गिर रहे हैं। इससे एनएच पर चलने वाहनों के लिए खतरा बना है। इसके बाद भी बीआरओ और वन विभाग इन खतरा बने पेड़ों को नहीं हटा रहा है। लोगों ने खतरा बने इन पेड़ों को शीघ्र हटाने की मांग की।
बड़ा हादसा टला
पिथौरागढ़। सल्मोड़ा थाने से करीब 300 मीटर शुक्रवार शाम तेज हवा चलने के कारण हवा में लटक रहा चीड़ का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि सड़क से गुजर कैंटर और बाइक पेड़ की जद में आने से बाल-बाल बच गए। लोगों का कहना है कि हवाओं के चलने में ये पेड़ सड़क पर गिरते रहते हैं जिससे खतरा बना है। (संवाद)