थल के तुरगोली-सानदेव सड़क में गिरा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
तुरगोली-सानदेव प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क तीन माह से बंद पड़ी है। मालाझूला के पास चट्टान दरकी है। जगह-जगह सड़क रोखड़ में तब्दील हो चुकी है। इस कारण कई गांवों के लोग भारी दिक्कत में हैं।
2009 में बनी 12 किमी लंबी सड़क जून से बंद पड़ी है। सड़क को खोलने के लिए संबंधित विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। सड़क पर वाहन तो दूर, पैदल चलना भी आसान नहीं है। सड़क बंद होने से हल्द्वानी गांव, रानीखेत गांव, गरियागांव, डूंगरीगड़ा, बगजिबला, चमाली, सानीखेत, आंगर, मालाझूला, बसोरा, रिठायत, गैरा, तुरगोली सहित दो दर्जन गांवों के लोगों को भारी दिक्कत हो रही है।
बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने के लिए गांव के लोगों को 12 किमी की कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। तुरगोली निवासी दान सिंह बसेड़ा, गैरागांव के जगदीश कन्याल ने लोनिवि के पीएमजीएसवाई डिवीजन पर सड़क की अनदेखी का आरोप लगाया।
सड़क के निरीक्षण के लिए अवर अभियंता को भेजा जा रहा है। सड़क पर यातायात बहाल किया जाएगा।
-एमसी मुगली, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई