पिथौरागढ़। अनुसूचित जाति एवं जनजाति बालक-बालिका वर्ग का एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, फुटबॉल और ताइक्वांडो खेलों में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। शिविर के दौरान मुनस्यारी में 50 और धारचूला में 34 खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहयोग, स्पेशल कंपोनेंट प्लान और ट्राइबल सब प्लान के तहत जोहार खेल मैदान मुनस्यारी में एथलेटिक्स, फुटबाल और बॉक्सिंग, जवाहर सिंह नबियाल स्टेडियम धारचूला में ताइक्वांडो में अनुसूचित जाति-जनजाति के बालक-बालिकाओं का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों के शारीरिक, मानसिक और खेल कौशल के विकास के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ब
ताया कि एथलेटिक्स में 14 खिलाड़ियों को प्रशिक्षक भावेश भट्ट, फुटबाल और बॉक्सिंग में 18-18 खिलाड़ियों को कैलाश लस्पाल व महिमा विश्वकर्मा, ताइक्वाडो में 34 खिलाड़ियों को प्रशिक्षक धरम सिंह खेलों की बारीकियां, तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। मुनस्यारी में शिविर का उद्घाटन सभासद जितेंद्र सिंह, जोहार क्लब के अध्यक्ष केदार सिंह मर्तोलिया तथा धारचूला में समाजसेवी हरक सिंह बुदियाल व राम सिंह ह्यांकी ने किया। इस अवसर पर कुलदीप सिंह, हिमांशु सिंह धर्मशक्तू, कैलाश पांगती, राकेश, हरीश चिराल आदि उपस्थित रहे।